विकासखंड ओखलकांडा के क्वैराला गांव में मकानों में दरारें पड़ने का मामला सामने आया है। दरारों की लंबाई और चौड़ाई बढ़ने से ग्रामीणों में दहशत है। सामाजिक कार्यकर्ता मुकुल सिंह ऐरी ने बताया है कि पूर्व में आए भूकंप की वजह से क्वैराला गांव के कई घरों में दरारें आई हुई हैं। जो लंबाई में और चौड़ाई में लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी प्रशासन को भी दी थी। लेकिन प्रशासन ने सिर्फ आश्वासन दिया लेकिन उसके निदान के लिए कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस गांव में भी बहुत सी जगहों पर जमीन धंस रही है। कुछ लोगों को आंशिक मुआवजा मिला है पर बहुत से परिवार आंशिक मुआवजे से भी वंचित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पूरे क्षेत्र का व्यापक अध्ययन कराने तथा प्रभावित लोगों को मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं काठगोदाम से दो किलोमीटर आगे हैड़ाखान रोड का 380 मीटर हिस्सा 15 जनवरी को भूस्खलन की चपेट मे आ गया था। इस खतरनाक रास्ते से जोखिम भरा सफर फिलहाल जारी है, मगर सड़क की स्थायी मरम्मत और वन भूमि क्षेत्र से एलाइनमेंट जोड़ने का मामला अब भी फाइल से आगे नहीं खिसका। जबकि पुरानी सड़क जरूर खिसक रही है।